अंडर-19 एशिया कप: 160 रन की विस्फोटक पारी के बाद आर्यवीर सहवाग का खुलासा, पिता से किया था बड़े शतक का वादा

अल अमीरात (यूएई), 10 नवंबर . अंडर-19 एशिया कप 2026 में India के सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने यूएई के खिलाफ 160 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. आर्यवीर ने बताया कि उन्होंने मैच से पहले अपने पिता और India के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग से एक बड़ी शतकीय पारी खेलने का वादा किया था. आर्यवीर की इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 70 रनों से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई.

आर्यवीर ने 168 गेंदों की पारी में 17 चौके और 7 छक्के लगाए. उन्होंने बताया कि Tuesday को अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड की टर्न होती पिच पर आ रही चुनौतियों के बावजूद, उन्होंने लंबी पारी खेलने और टीम के लिए बड़ा योगदान देने का पक्का इरादा कर लिया था.

मैच के बाद आर्यवीर ने कहा, “मैंने शुरुआत की और तय किया कि लंबी पारी खेलूंगा और लगभग 40 ओवर तक बल्लेबाजी करूंगा. पिच पर चुनौतियां थीं. मैं डॉट गेंदों को लेकर परेशान नहीं हुआ, क्योंकि मुझे पता था कि मैं बाद में रन बना लूंगा. मैं एक बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहता था.”

वीरेंद्र सहवाग, अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े स्कोर बनाने के लिए जाने जाते थे. 18 वर्षीय आर्यवीर ने बताया कि उन्होंने अपने पिता से एक बड़ा स्कोर बनाने का वादा किया था.

आर्यवीर ने कहा, “मैंने आज एक बड़ा स्कोर बनाने का वादा किया था, और अच्छी बात यह है कि मैं ऐसा कर पाया और वह इंसान मेरे पिता हैं. मैंने उनसे कहा था कि मैं एक बड़ी शतकीय पारी खेलूंगा. मुझे एक विरासत को आगे बढ़ाना है, क्योंकि उन्हें केवल बड़ी शतकीय पारियां ही पसंद हैं.”

अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने आर्यवीर सहवाग (160) और वीके विनीत (67) की शानदार पारियों के दम पर 309/7 का स्कोर बनाया. यूएई की तरफ से नसीम खान ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए.

इसके जवाब में यूएई की टीम 50 ओवरों में 239 रन पर सिमट गई. इस पारी में अहमद खुदादाद ने सर्वाधिक 74 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. India की तरफ से ईशान सूद ने 37 रन देकर 4 विकेट झटके.

आर्यवीर की पारी ने भारतीय टीम की नींव मजबूत की, जिससे टीम ने अपने 50 ओवरों में 309/7 का स्कोर खड़ा किया. उन्होंने तीसरे विकेट के लिए वीके विनीत के साथ 193 रनों की शानदार साझेदारी की, जिसमें विनीत ने 69 गेंदों पर 67 रन बनाए.

–

आरएसजी